राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिपः पांचवें दिन तेलंगाना, दादरा व नगर हवेली, मध्य प्रदेश और मणिपुर ने दर्ज की जीत

युगवार्ता    08-Apr-2025
Total Views |
15वीं हॉकी इंडिया सीनियर मेंस नेशनल चैंपियनशिप 2025


झांसी, 08 अप्रैल (हि.स.)। 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर मेंस नेशनल चैंपियनशिप 2025 के पांचवें दिन मुकाबलों में रोमांच चरम पर रहा। तेलंगाना हॉकी, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव हॉकी, हॉकी मध्य प्रदेश और मणिपुर हॉकी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

डिवीजन 'बी' के पहले मुकाबले में तेलंगाना हॉकी ने गोवा हॉकी को 5-1 से पराजित किया। तेलंगाना की ओर से सूर्य प्रकाश पोटलुरी (18’), अय्यप्पा पीआर (21’), पेड्डिन्ती नीरज कुमार (23’), रोहित सिंह (28’) और राजू टल्ला (29’) ने गोल दागे। जबकि गोवा के लिए तृषुल गणपति (19’) ने एकमात्र गोल किया। इस जीत के साथ तेलंगाना पूल ‘ए’ में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

दूसरे मुकाबले में दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव हॉकी ने मिजोरम हॉकी को 6-0 से हराकर पूल ‘बी’ में तीसरा स्थान हासिल किया। टीम के लिए दीपक यादव (4’), एस. मोहम्मद यासीन (6’), कोमल सिंह (15’), विजय यादव (36’), कप्तान अरविंद यादव (39’) और सजल सक्सेना (44’) ने एक-एक गोल किया।

डिवीजन 'ए' के पहले मुकाबले में, हॉकी मध्य प्रदेश ने ओडिशा एसोसिएशन को 3-2 से हराया। मध्य प्रदेश के लिए अली अहमद ने 28’ मिनट मोहम्मद ज़ैद खान ने 32’ मिनट में गोल किया। इसके बाज अली मोहम्मद ने 42’वें मिनट पर गोल टीम को बढ़त दिला दी। वहीं, ओडिशा के लिए कप्तान अमित रोहिदास (17’) और नीलम संजीव ज़ेस (57’) ने स्कोर किया।

दिन के अंतिम मुकाबले में, मणिपुर हॉकी ने ले पुडुचेरी हॉकी को 4-3 से मात दी। मणिपुर के लिए सिरिल लुगुन (14’, 15’, 28’) ने हैट्रिक लगाई जबकि थोकचोम किंग्सन सिंह (51’) ने निर्णायक गोल किया। पुडुचेरी के लिए मणिकंदन (6’), रजत मिन्ज (43’) और पी महेन्द्रन (60’) ने गोल किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags