दिल्ली की सत्ता पर चौथी बार महिला मुख्यमंत्री हुई काबिज, आधी आबादी में दिखा जबरदस्त जोश

युगवार्ता    20-Feb-2025
Total Views |
मंच पर अभिवादन करती मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता


महिला समर्थक का जोश हाई


नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली के रामलीला मैदान में गुरुवार को एक बार फिर इतिहास लिखा गया। कई मायनों में ऐतिहासिक मैदान रामलीला गुरुवार को फिर सजा लेकिन इस बार केसरिया रंग से। 27 साल से सत्ता से बाहर भारतीय जनता पार्टी ने जबरदस्त वापसी करते हुए इस बार मुख्यमंत्री पद पर महिला को मौका दिया। राजनीतिक गलियारों में पिछले कई सालों से सक्रिय शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

इस समारोह की गवाह बनने के लिए न सिर्फ राजधानी दिल्ली की महिलाएं बड़ी संख्या पहुंचीं बल्कि सीमावर्ती राज्यों हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से भी महिलाएं आईं। जब 12 बजकर 35 मिनट पर दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना रेखा गुप्ता को शपथ दिला रहे थे, उस समय महिलाओं का जोश भी बुलंद था। महिलाओं ने भाजपा के झंडे को लहरा कर और जय श्री राम के नारे लगा कर अपनी खुशी को जाहिर किया।

वैसे तो शपथ ग्रहण समारोह का समय साढ़े 12 बजे का था लेकिन लोग इसके साक्षी बनने सुबह 10 बजे से ही पहुंचने लगे। केसरियां रंग के झंडों से पूरा रामलीला मैदान सराबोर नजर आ रहा था। सभी गेट पर बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ लोग कई किलोमीटर दूर से पैदल चले आ रहे थे। रामलीला मैदान के सभी द्वारों पर ढोल नगाड़े वाले लोगों का स्वागत करते दिखाई दे रहे थे। कई स्थानों पर लोग नाच कर जश्न मनाते हुई दिखाई दिए। समारोह स्थल पर भी भजन गाए जा रहे थे। दूर दूर से आईं महिलाओं ने केसरिया रंग की पगड़ी पहने हुए भाजपा के झंडों के साथ नारे लगा रही थीं। गजब का उत्साह छलक रहा था। समारोह स्थल पर 12 बजे के बाद शीर्ष नेतृत्व के आने का सिलसिला शुरू हुआ। पहले भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह पहुंचे। 12 बजकर 25 मिनट पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहुंचे, उनका स्वागत सभी नेताओं ने किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सभी का अभिवादन कर रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने मंच पर भी रेखा गुप्ता को बधाई दी। मंच पर दाहिनी ओर पंक्ति में सबसे पहले रेखा गुप्ता और फिर कैबिनेट में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिरसा, रविंद्र सिंह, कपिल मिश्रा, डॉ पंकज कुमार सिंह बैठे थे। राष्ट्रगान के साथ शपथ ग्रहण समारोह 12.30 बजे शुरू हुआ। सबसे पहले दिल्ली के मुख्यसचिव ने मुख्यमंत्री पद और अन्य मंत्रियों के जारी गैजट नोटिफिकेशन को पढ़ा। उसके बाद उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उसके बाद प्रवेश वर्मा ने शपथ ली। मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाबी में शपथ ली।

महिला कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह दिल्ली एनसीआर से पहुंची हजारों महिला कार्यकार्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। भाजपा के झंडे लेकर महिलाओं ने खूब नारेबाजी की। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित व आतिशी के बाद रेखा गुप्ता चौथी महिला हैं, जो आज दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी हैं। रेखा गुप्ता मूल रूप से हरियाणा की निवासी हैं, यही वजह रही की बड़ी संख्या में हरियाणा की महिलाएं शपथ ग्रहण समारोह में पहुंची थीं। इस दौरान कालकाजी से आई प्रेमलता जोकि मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली हैं, उन्होंने कहा कि ‘हरियाणा की बेटी ने कतई, पूरे प्रदेश का मान बढ़ा दिया है।’ पूरे प्रदेश को व दिल्ली में रहने वाले सभी हरियाणा के लोगों को उनपर गर्व है। वहीं संगीता मोंगा, जोकि दिल्ली प्रदेश कार्यकारिणी में हैं, जमकर नाचती दिखाई दीं। पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि महिला मुख्यमंत्री बनने से अब महिलाओं का मान भी बढ़ेगा और उनकी परेशानियों को समझा जा सकेगा। माडल टाउन से आई बीना बहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला को मुख्यमंत्री बनाकर बता दिया है कि वो महिलाओं के सम्मान की बात ही नहीं करते बल्कि सम्मान देना भी जानते हैं। भगवा पगड़ी पहने हाथ में गुलाब का फूल लेकर पहुंची सविता मित्तल ने कहा कि हमें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर पूरी भरोसा था कि इस बार वो किसी महिला को ही मुख्यमंत्री बनाएंगे और हमारा विश्वास बिल्कुल सही साबित हुआ है। रेखा उनियाल ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने का सपना हमने 27 साल पहले देखा था, लगातार पार्टी के हर संघर्ष में बढ़-चढ़ कर लगे रहे और उसका फल आज महिला मुख्यमंत्री के रूप में हमें मिला है। इस खुशी को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

भाजपा मुख्यालय और नवनिर्वाचित मंत्रियों के घरों के बाहर हुई आतिशबाजी

शपथ ग्रहण समारोह के बाद भाजपा मुख्यालय में भी खुशी का माहौल दिखा। बड़ी संख्य़ा में कार्यकर्ता आतिश बाजी करते हुए दिखाई दिए। 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता मिलने की खुशी में भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने पटाखे जलाए और मिठाइयां बांटी। इसके समानांतर रेखा गुप्ता सहित सभी छह मंत्रियों के घरों के बाहर भी खूब आतिशबाजी हुई। जनपथ स्थित प्रवेश वर्मा के घर के बाहर समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags