मानवीय और संवेदनशील पहल

युगवार्ता    30-Jul-2024
Total Views |
 गर्मियों में जहां घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है वहीं सड़क पर खुले आसमान के नीचे तपती दुपहरी में यातायात संचालन करना वाकई एक बेहद कठिन काम है। हालांकि अब इसे आसान बनाने की सराहनीय पहल हुई है।
  
                                        up police
 
संवेदनशील पुलिसिंग का परिचय देते हुए कानपुर की ट्रैफिक पुलिस ने एक मिसाल कायम किया है। उत्तर भारत के इस प्रमुख औद्योगिक शहर में यातायात का दबाव भी खूब रहता है। गर्मियों में जहां घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है, वहीं सड़क पर खुले आसमान के नीचे तपती दुपहरी में यातायात संचालन करना एक टेढ़ी खीर थी। डीसीपी ट्रैफिक के रूप में कानपुर कमिश्नरेट में कार्यरत 2017 बैच की भारतीय पुलिस सेवा की आफिसर आरती सिंह ने इस दिशा में सार्थक प्रयास किया।
 राष्ट्रीय स्तर पर यातायात पुलिस को मिल रही सुविधाओं की जानकारी के दौरान उन्हें एसी हेलमेट की जानकारी हुई। इसे हैदराबाद की कंपनी जर्श सेफ़्टी बना रही है। यह कटिंग एज तकनीकी पर आधारित है। जिसका इस्तेमाल गर्मी और सर्दी दोनों मौसम में किया जा सकता है। प्रतिकूल मौसम में भी ये सहयोगी है। इसका वजन सामान्य हेलमेट से लगभग 500 ग्राम ज्यादा होता है। एक बार चार्ज करने के बाद ये 8 घंटे तक चलता है। यह सॉलिड कूलिंग इफेक्ट की अवधारणा पर कार्य करता है। यह पूरी तरह इकोफ्रेंडली है। यह हेलमेट दिन के तापमान से 15 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान बनाए रखता है।
इसमें हार्ड प्लास्टिक शील्डयुक्त चश्मे भी लगे हैं जिससे पुलिसकर्मियों की आंखों का भी धूप से बचाव होगा। यह हेलमेट बैटरी और चिप से संचालित होता है। बैटरी से इसमें लगा पंखा चलने लगता है। जाहिर है यह हेलमेट पहनने वाले को बेहतर फोकस करने में मदद करता है। इसकी बाजार में कीमत लगभग 15 हजार रुपये है। नवाचार के तहत अपने पुलिस कर्मियों को इसे उपलब्ध कराने के लिए प्रबन्धन की पूर्व छात्रा रही आरती ने कानपुर मेट्रो के निर्माण से जुड़ी कंपनी एफकान के प्रबन्ध तंत्र से बात की। जिसके बाद एफकान ने सी एस आर फंड के तहत पुलिस को 32 हेलमेट दिए।
इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर कानपुर शहर के 6 चौराहों पर विगत 13 अप्रैल को ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को वितरित किया गया। प्रयोग सफल होने पर इसे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 27 जून को लखनऊ में यातायात पुलिस कर्मियों को प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी होती हो, लू चल रही हो, तब ट्राफिक पुलिस चौराहों पर खड़ी होकर लोगों को यातायात की बेहतर सुविधा प्रदान करती है। कई बार हम देखते हैं कि यातायात पुलिस के जवान इसे सुव्यवस्थित करते-करते वहीं पर बेहोश हो जाते थे। उनके साथ कोई दुर्घटना हो जाती थी। यह एयर कन्डीशन हेलमेट उसमें कुछ हद तक मदद करने में सहभागी रहेगा। कानपुर पुलिस का यह अभिनव प्रयास एक सराहनीय प्रयास है।
Tags