राष्ट्रपति मुर्मु आज पांचवां राष्ट्रीय जल पुरस्कार प्रदान करेंगी

युगवार्ता    22-Oct-2024
Total Views |
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु


नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज यहां विज्ञान भवन में पांचवां राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2023 प्रदान करेंगी। भारत सरकार के पत्र एवं सूचना कार्यालय (पीआईबी) की विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

विज्ञप्ति के अनुसार, जल शक्ति मंत्रालय के तहत जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग ने 14 अक्टूबर को नौ श्रेणियों अर्थात सर्वश्रेष्ठ राज्य, सर्वश्रेष्ठ जिला, सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत, सर्वश्रेष्ठ शहरी स्थानीय निकाय, सर्वश्रेष्ठ विद्यालय या महाविद्यालय, सर्वश्रेष्ठ उद्योग, सर्वश्रेष्ठ जल उपयोगकर्ता संघ, सर्वश्रेष्ठ संस्थान (विद्यालय या महाविद्यालय के अलावा) और सर्वश्रेष्ठ नागरिक समाज में पांचवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार- 2023 के लिए संयुक्त विजेताओं सहित 38 विजेताओं की घोषणा की थी।

पीआईबी के अनुसार, सर्वश्रेष्ठ राज्य की श्रेणी में पहला पुरस्कार ओडिशा को दिया गया है जबकि उत्तर प्रदेश ने दूसरा स्थान प्राप्‍त किया है। गुजरात और पुडुचेरी ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्‍त किया है। प्रत्येक पुरस्कार विजेता को एक प्रशस्ति पत्र और एक ट्रॉफी के साथ-साथ कुछ श्रेणियों में नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि लोगों में जल के महत्व के बारे में जागरुकता उत्पन्‍न करने और सर्वोत्तम जल उपयोग प्रणालियों को अपनाने के लिए प्रेरित करने में मदद करने के लिए डीओडब्‍ल्‍यूआर, आरडी ऐंड जीआर ने 2018 में पहला राष्ट्रीय जल पुरस्कार प्रारंभ किया था। वर्ष 2019, 2020 और 2022 के लिए दूसरे, तीसरे और चौथे राष्ट्रीय जल पुरस्कार दिए गए। कोविड महामारी के कारण वर्ष 2021 में पुरस्कार नहीं दिए गए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags